वाराणसी के सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह प्रिंस से 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। प्रकरण को लेकर शनिवार को शिवपुर थाने में लंका थाना के छित्तूपुर निवासी गोलू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष से रंगदारी मांगे जाने की जानकारी साथी अधिवक्ताओं को मिली तो सभी खासे नाराज दिखे। अधिवक्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
शिवपुर थाना अंतर्गत साईं धाम कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अशोक सिंह के अनुसार वो शनिवार की शाम कचहरी से खाली होकर घर पहुंचे। शाम छह बजे के लगभग उनके मोबाइल पर कॉल आई। कुछ देर बाद उन्होंने उसी मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो रिसीव करने वाले ने खुद को गोलू यादव बताते हुए कहा कि मेरे पिता से जो 25 हजार रुपया लिए हो उसे लौटा दो।
नहीं तो गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना। इसके थोड़ी देर बाद फिर कॉल आई और गोलू ने कहा कि मोबाइल स्विच ऑफ कर रहा हूं मगर रुपया नहीं मिला तो गोली जरूर मारुंगा। अधिवक्ता ने कहा कि इतने वर्षों की वकालत में उनके साथ ऐसा कभी नहीं हुआ और किसी से उन्होंने उधार भी नहीं ले रखा है।
धमकी भरी कॉल से भयभीत अशोक सिंह शिवपुर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर शिवपुर ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। एक टीम नामजद आरोपी के नाम और पते की तस्दीक करने के लिए उसके घर रवाना की गई है। जिस नंबर से कॉल आई थी सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया जा रहा है।