कोरोना काल में सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी करने के फॉर्मूले को पूर्वांचल स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सीबीएसई की सिटी को-आर्डिनेटर और प्रधानाचार्यों ने बेहतर विकल्प बताया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने प्रधानाचार्यों के साथ ही अन्य लोगों से कुछ दिन पहले फीडबैक भी लिया था।
यह भी पढ़ें :
यूपी बोर्ड 2021 : कक्षा 10वी-12वीं के रिजल्ट मूल्यांकन का फॉर्मूला हुआ तैयार
वाराणसी जिले में करीब 220 विद्यालयों के 45 हजार विद्यार्थियों को प्रमोट किया जाएगा। रिजल्ट को लेकर जो फार्मूला तैयार किया गया है, उसमें 10वीं के तीन विषयों के 30 प्रतिशत, 11वीं के पांच विषयों के 30 प्रतिशत अंक जबकि बारहवीं प्री बोर्ड में मिले अंकों से भी 40 प्रतिशत नंबर को जोड़ा जाएगा। हालांकि यह बात सामने आ रही है कि फार्मूले को तैयार करने वाली कमेटी में अधिकांश सदस्य ब्यूरोक्रेट हैं। इस पर विद्यालयों से जुड़े लोगों का कहना है कि पिछले दिनों लिए गए सुझावों से मिलता जुलता ही फार्मूला है।
यह भी पढ़ें :
CBSE 12th Result Update: सीबीएसई ने बताई मूल्यांकन नीति, 31 जुलाई तक तैयार होगा परिणाम
पूर्वांचल स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने कहा कि कोरोना काल में छात्रों की सेहत और भविष्य को लेकर सीबीएसई ने परीक्षा परिणाम पर सही फॉर्मूला तैयार किया है। पिछले दिनों मांगे गए सुझाव में भी छात्र हितों पर विशेष जोर देने की बात की गई थी।