पूर्वांचल के कई जिलों में मवेशी चोर सक्रिय हैं। आए दिन किसी न किसी जिले में मवेशी चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। चोर पिकअप पर मवेशी लाद ले जाते हैं। वारदात को अंजाम देने में असफल रहने पर वे लोगों के उपर हमला भी कर देते हैं। इन चोरों के अंदर पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है।
ताजा घटना भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के अठगोड़वा गांव की है। यहां सोमवार की रात मवेशी चोरों से एक महिला भिड़ गई। छीना-झपटी और हाथापाई के दौरान चोरों ने महिला पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
इस बीच पत्नी को बचाने पहुंचे पति को भी चोरों ने घायल कर दिया और फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस बल के साथ एसपी और सीओ गांव पहुंचे। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
शिवदासपुर-मझमेड़ीया मार्ग पर अठगोड़वा गांव में बीती रात मवेशी चोर सड़क किनारे एक मड़हे में घुसे और बकरियां उठाकर स्कार्पियो में भरने लगे। बकरियों की आवाज सुनकर मड़हे में सो रही फूल कुमारी (48) की नींद खुल गई और वह चोरों से भिड़ गई।
विरोध देख एक चोर ने ईंट से महिला पर प्रहार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई। शोरगुल सुनकर पति भगवानदास (50) पत्नी को बचाने पहुंच गए। वह शोर मचाने लगे तो चोरों ने ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और मझमेड़िया की तरफ भाग निकले।
चोरों का सुराग नहीं
गांव के लोग वहां पहुंचे, तब तक फूल कुमारी की मौत हो चुकी थी। इससे पूर्व चोर कपसेठी के नवहानीपुर और अठगोड़वा से सटे जगरनाथपुर से कई बकरियां स्कार्पियो में भर यहां पहुंचे थे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
कुछ देर बाद चौरी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार और यूपी 100 पुलिस पहुंची और कई मार्गों पर घेराबंदी की लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ ही भगवानदास की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। सुबह एसपी राजेश एस भी गांव पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। उनके साथ एएसपी डॉ. संजय कुमार और सीओ औराई रामकरन भी थे।
एसपी ने कहा कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। वहीं, महिला की हत्या से इलाके में खलबली मच गई है। ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में लंबे समय से मवेशी चोर सक्रिय हैं लेकिन पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है।