वहीं पटियाला में ही एक युवक की डिप्रेशन से मौत हो गई। बयाना लेकर भी कोठी की रजिस्टरी नहीं कराई गई। साथ ही युवक को पीटकर धमकियां दी गईं। इससे डिप्रेशन में आकर युवक की मौत हो गई। थाना भादसों पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मरने वाले युवक के भाई के बयान पर आरोपी और उसके दो बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
थाना भादसों के अधीन पड़ती संधू कालोनी के रहने वाले परमिंदरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके भाई हरसिमरजीत सिंह (30) ने दो साल पहले रजिंदर कौर पत्नी अमर सिंह को 9 लाख 50 हजार रुपये बयाना देकर एक कोठी खरीदी थी। अभी कोठी की रजिस्टरी नहीं हुई थी। सौदे के कुछ समय बाद ही आरोपी अमर सिंह, उसके दोनों बेटे बलकार व गुरविंदर सिंह निवासी गांव झंबाली साहनी ने कोठी की रजिस्टरी कराने से मना कर दिया।
9 अक्तूबर 2018 को आरोपियों ने शिकायतकर्ता परमिंदरजीत सिंह के घर आकर उसकी मां से मारपीट की। इसके बाद 21 अक्तूबर 2018 को तीनों आरोपी दोबारा से शिकायतकर्ता के घर पहुंच गए और कोठी खाली करने की धमकी देने लगे। इस कारण हरसिमरजीत सिंह डिप्रेशन में आ गया और उसकी सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपी व्यक्ति व उसके दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।