वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नारायणपुर डाफी के शिव शक्ति नगर कॉलोनी में ठेकेदार संतोष कुमार शाह के घर को चोरों ने खंगाला। 50 हजार नकद समेत 10 लाख के जेवरात चोरी हुए। मामले की जानकारी बृहस्पतिवार को मकान की देखरेख करने वाले मुंशी के पहुंचने पर हुई। पुलिस ने छानबीन की। बिल्डिंग निर्माण ठेकेदार संतोष कुमार शाह परिवार के साथ 19 जून को बिहार के गोपालगंज में पैतृक गांव कटरा में एक शादी में गए थे। मुंशी सरोज तिवारी को सौंपा गया था, जो रोज सुबह-शाम घर जाकर बिजली जलाने-बुझाने का काम करते थे। बुधवार शाम सरोज तिवारी घर में बिजली जलाकर लौट गए थे। बृहस्पतिवार सुबह जब वह दोबारा पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला बंद था, लेकिन अंदर के पांच कमरों के दरवाजों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने संतोष कुमार शाह और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पीड़ित के अनुसार, चोर बाउंड्रीवॉल फांदकर घर में दाखिल हुए थे। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही जांच में पुलिस जुटी है। संवाद
विज्ञापन
शादी का झांसा देकर किशोरी को ले जाने वाला गिरफ्तार रामनगर। शादी का झांसा देकर किशोरी को बहलाकर लेकर जाने के आरोपी सावन मंडावर (19) को पुलिस ने रामनगर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही किशोरी को बरामद किया। किशोरी के पिता ने 10 जून को पुलिस को तहरीर दी थी। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर मध्य प्रदेश निवासी सावन को गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को परिजनों के सौंप दिया गया। संवाद