अवैध तरीके से दीवार गिराने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर वाराणसी के वीडीए सचिव समेत ग्यारह अधिकारियों व कर्मचारियों पर शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर शिवपुर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी निवासी अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह के अनुसार तरना में उनकी पत्नी संगीता सिंह के नाम से 3150 वर्गफीट का प्लॉट है। पिछले दस साल से बनी चहारदीवारी को वीडीए अधिकारियों व कर्मचारियों ने बिना नक्शा पास का आरोप लगाते हुए ढहा दिया और गेट उठा ले गए।
अधिवक्ता का आरोप है कि उस समय अधिकारियों ने वीडीए के सचिव सुनील कुमार वर्मा के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि था कि 15 हजार रुपये नहीं देने पर चहारदीवारी गिरा दी जाएगी। उस समय थाने में तहरीर दी गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट में आवेदन देने पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश शिवपुर थाने की पुलिस को दिया गया।
तहरीर के आधार पर वीडीए सचिव सुनील कुमार सिंह, जोनल अधिकारी परमानंद यादव, जेई रामचंद्र, पीएन दुबे और प्रमोद तिवारी समेत ग्यारह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। शिवपुर इंस्पेक्टर सधुवन राम गौतम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।