जन शिकायतों के समाधान में कैंट सीओ और कैंट थानेदार सबसे फिसड्डी हैं। सोमवार को एसएसपी ने जिले के सीओ और थानेदारों के कार्यालय में पिछले महीने आईं जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की तो यह बात सामने आई।
एसएसपी ने सभी सीओ और थानेदारों को ताकीद की है कि जन शिकायतों के निस्तारण में विलंब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिस थाना क्षेत्र की सर्वाधिक शिकायतें पुलिस ऑफिस आएंगी उसके थानेदार और सर्किल के सीओ से जवाब तलब किया जाएगा।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि सीओ कैंट के पास सर्वाधिक 21, सीओ पिंडरा के पास 18, सीओ सदर के पास 15, सीओ भेलूपुर के पास 14, सीओ चेतगंज के पास 10, सीओ बड़ागांव के पास सात और सीओ दशाश्वमेध व कोतवाली के पास चार-चार जन शिकायतें लंबित हैं।
वहीं, कैंट थानेदार के पास सर्वाधिक 104, चौबेपुर के पास 103, सारनाथ 77, चोलापुर 69, फूलपुर 68, बड़ागांव 62, शिवपुर 58, रोहनिया 48, भेलूपुर 46, मंडुवाडीह 35, सिगरा 33, लोहता व लंका के पास 28, आदमपुर 23, महिला थाने में 19, मिर्जामुराद 18, कोतवाली 17, कपसेठी, जंसा व जैतपुरा के पास 16, चौक के पास 15, चेतगंज के पास 14, रामनगर के पास 11, दशाश्वमेध के पास सात और लक्सा के पास चार जन शिकायतों का निस्तारण लंबित है।
एसएसपी ने कहा कि एक सप्ताह में शिकायतों का निस्तारण न करने वाले सीओ और थानेदार पर कार्रवाई की जाएगी।