50 करोड़ का आभूषण कारोबार ठप
उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के जिला महामंत्री किशोर सेठ ने बताया कि इधर दो चार दिन से माहौल खराब होने और इंटरनेट बंद होने से बनारस सहित पूर्वांचल में लगभग 50 करोड़ का आभूषण कारोबार प्रभावित हुआ है। अकेले सिर्फ 650 होलसेल और 1300 रिटेल आभूषण की दुकानों पर ग्राहक पहुंचे ही नहीं है।
100 करोड़ के पार रियल इस्टेट सेक्टर को नुकसान
वाराणसी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज डिडवानिया के बताया कि रियल इस्टेट सेक्टर तो पूरा डिजिटल लेनदेन पर ही टिका हुआ है। सभी जरूरी कार्य को आनलाइन ही किया जा रहा है। दो दिन में करीब 100 करोड़ रुपये का नुकसान रियल इस्टेट सेक्टर को हुआ है।
चार करोड़ का नुकसान
इलेक्ट्रिकल ट्रेड में करीब चार करोड़ का नुकसान है। काशी इलेक्ट्रिक कांट्रैक्टर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के महामंत्री कौशल तिवारी ने बताया कि डिजिटल लेनदेन ठप होने से माल लदी गाड़ी नहीं आ रही है।
3 करोड़ की पर्यटन कारोबार को चपत
वाराणसी टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। काशी आने वाले डोमेस्टिक और इंटरनेशनल पर्यटकों को खाली हाथ अपने घरों को लौटना पड़ रहा है।
2 करोड़ का ट्रेवल्स में नुकसान
वाराणसी टूर एंड ट्रेवल्स के वरिष्ठ पदाधिकारी आकाश तिवारी ने बताया कि दो दिन से व्यापार ठप है। एयर व रेल टिकट बुकिंग नहीं हो पा रही है। करीब दो करोड़ का नुकसान हुआ है, कई गाड़ियों के भुगतान बंद है।
2 करोड़ का मोबाइल कारोबार थमा
वाराणसी मोबाइल विक्रेता संघ के वरिष्ठ सदस्य आशीष दुबे ने बताया कि इलेक्ट्रानिक्स गुड्स का कारोबार थम गया। करीब दो करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। फाइनेंस पर मोबाइल की बिक्री पूरी तरह से ठप है।
1 करोड़ का व्यापार प्रभावित
वाराणसी मोटर पार्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय गुप्ता के अनुसार दो दिन इंटरनेट बंद होने से करीब एक करोड़ का व्यापार प्रभावित हुआ है। ग्राहक आ रहे हैं लेकिन डिजिटल लेन देन नहीं होने के चलते वापस हो जा रहे हैं।