पांच व्यक्तियों को नमाज में शामिल होने के आदेश के बाद काली महल स्थित शिया मस्जिद में नमाज अदा करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में मुकद्दस माह ए रमजान के अलविदा की आहट से रोजेदारों के दिल उदास थे। शुक्रवार को दुआ के बाद जब इमाम ने कहा अलविदा माहे रमजान, अब तू हमसे रुखसत हो चला... तो नमाजियों की आंखें नम हो गईं। शुक्रवार को माह ए रमजान की रुखसती का पैगाम लेकर आए अलविदा जुमे की नमाज घरों से लेकर मस्जिदों तक अदा की गई।
कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर शहर से गांव तक की मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा हुई। मस्जिदों में पूरी अकीदत और एहतेराम के साथ नमाज अदा करने के बाद बारगाह ए इलाही में नमाजियों ने मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ की। इसके साथ ही खुदा से कोरोना महामारी के खात्मे की भी दुआ की गई। इससे पहले इमाम ने खुत्बा और तकरीर में अलविदा जुमा की अहमियत समझाई और ईद को रमजान का तोहफा बताया। कड़ी सुरक्षा और चाक चौबंद व्यवस्था के बीच सभी जगह कोविड प्रोटोकाल का पालन कर शांतिपूर्ण ढंग से अलविदा की नमाज हुई।