सात वार और नौ त्योहार वाली काशी में त्योहारी सीजन को लेकर रिटेल कारोबारी बेहद उत्साहित हैं। उनका मानना है कि अक्तूबर महीना उम्मीद और नए अवसर लेकर आएगा। इसकी तैयारियों के लिए यही सही वक्त है। उपभोक्ता को केंद्र में रखकर रिटेल व्यवसायी अभी से प्रचार प्रसार और योजना बनारकर उस पर काम करना शुरू कर दें।
मंदी का दौर बीत चुका है और अच्छे दिन दस्तक की तैयारी में हैं। अमर उजाला कार्यालय में मंगलवार को समृद्धि संवाद कार्यक्रम के दौरान कारोबारी, व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट और अर्थशास्त्री के बीच मंथन से निकलकर आए उक्त सकारात्मक विचार पर सभी सहमत दिखे। दीवाली और सहालग के महीने को लेकर ढेरों उम्मीद जताई गई। समृद्धि संवाद के दौरान ऑन लाइन कारोबार, प्लास्टिक मनी, जीएसटी और पितृ पक्ष में मंदी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि पिछले कुछ महीने से व्यापार में सुस्ती छाई है। इसका कारण ऑन लाइन बाजार को बताया। व्यापारियों ने कहा कि ऑफर और आसान डिलेवरी के चलते लोग घर बैठे शॉपिंग कर
ले रहे हैं और बाजार तक नहीं पहुंच रहे हैं। वहीं प्लास्टिक मनी से खरीदारी पर अभी भी लोगों का अपेक्षित विश्वास न होना भी व्यवसाय में मंदी का कारण बताया गया। जीएसटी के बदलते नियमों से भी व्यापार में आ रही समस्या को
रेखांकित किया।
इस सब के बावजूद त्योहारों के शुरू होने वाले मौसम में अच्छे व्यापार की उम्मीद जताई गई। ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता बाजार पहुंचे और उत्कृष्ट उत्पादों की खरीदारी करें, इसके लिए अभी से इसके लिए कसरत शुरू करने का आह्वान किया गया। प्रचार प्रसार के साथ ही अच्छे आफर, उत्कृष्ट उत्पादों तक लोगों की आसान पहुंच बनाने का प्रयत्न शुरू करने को कहा गया। वहीं ऑन लाइन बाजार पर नियंत्रण लगाने और जीएसटी की दरों में कमी लाने की भी मांग उठी।
कार्यक्रम में जित्तन चौधरी, अनुज केसरी, गिरीश पांडेय, अनंत भूषण, अशोक दूबे, एसपी यादव, परवेज हुसैन, विनोद सिंह मौजूद रहे।
यह करें उपाय
- आन लाइन की तरह उत्पाद नहीं तो कम से कम प्रचार प्रसार के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएं उत्पाद या प्रतिष्ठान की खास बात
- असंगठित के बजाए व्यापार को संगठित बनाएं- उत्पाद के बजाए उपभोक्ता की रुचि और सुविधा को केंद्र बिंदु बनाएं
खुद के उत्पाद को बनाए ब्रांड
- प्रतिष्ठान में ग्राहकों के लिए बनाएं एक व्यवस्था
- परंपरागत के बजाए समय के साथ लाएं बदलाव