Varanasi Accident News: वाराणसी जिले में सात जनवरी को हुए सड़क हादसे में घायल एक शख्स की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के नागापुर हाईवे पर सड़क हादसे में घायल बाइक सवार सूरज चौबे (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई। सात जनवरी की रात में घने कोहरे के बीच सड़क पर खड़े ट्रक से टकराकर सूरज घायल हुआ था। उसके सीने में गंभीर चोट आई थी।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी सूरज सात जनवरी को बुलेट से घर लौट रहा था। नागापुर के पास ट्रक के दोनों टायर पंचर होने के चलते चालक ने सड़क किनारे ट्रक को खड़ा कर दिया था। कोहरे की वजह से ट्रक नजर नहीं आया और सूरज ट्रक के पीछे जा टकराया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होकर वह सड़क पर पड़ा रहा। राहगीर गौरीश सिंह की नजर उस पर पड़ी।
उन्होंने सूरज को अपने वाहन से सुरही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे इंफिनिटी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूरज बंगलूरू की निजी कंपनी में कार्यरत था और वर्तमान में वर्क फ्रॉम होम कर रहा था। वह दो भाईयों में बड़ा था। परिवार में पत्नी और पांच वर्षीय बेटा आरव है। घटना के बाद से परिवार में चीख- पुकार मची है।
पिता शिवपूजन चौबे ने बताया कि हादसे के बाद सूरज को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।