चालान काटते ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी
- फोटो : amar ujala
वाहनों के ऑनलाइन चालान की कार्यप्रणाली अब वाहन स्वामियों के लिए मुसीबत बन गई है। रोजाना ई-चालान में गड़बड़ियां हो रही हैं। बनारस के रहने वाले विद्याशंकर पटेल के बोलेरो वाहन का प्रयागराज ट्रैफिक पुलिस ने बगैर हेलमेट में एक हजार का चालान कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि बोलेरो वाहन की जगह पर स्कूटी की फोटो चालान में है।
बृहस्पतिवार को जैन स्टेशनरी मनमोहन पार्क पुलिस लाइन के पास चालान हुआ है। अब वाहन स्वामी बनारस से प्रयागराज तक की चक्कर काटने को विवश हैं। मिर्जामुराद थाना अंतर्गत कछवा रोड के लक्षापुरा निवासी विद्याशंकर पटेल के अनुसार उनके बोलेरो वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर 8585 है, जबकि ई-चालान में जो स्कूटी दिख रही है, उसका रजिस्ट्रेशन नंबर 8586 है।
यह एकदम स्पष्ट पढ़ने में आ रहा है। बावजूद प्रयागराज पुलिस ने बोलेरो का चालान कर दिया, जबकि बोलेेरो वाहन घर में है और मनमोहन पार्क पुलिस लाइन चौराहा दिखाया गया है। स्कूटी पर सवार महिला बगैर हेलमेट की है, उसी आधार पर उसकी फोटो के साथ बगैर हेलमेट में चालान किया गया। हालांकि प्रयागराज ट्रैफिक पुलिस को फोटो और रजिस्ट्रेशन नंबर में अंतर समझ में नहीं आया।