मिर्जापुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। शादी के बाद रस्म अदा करने जा रहे परिवार की नाव गंगा में डूब गई। जिस युवक की शादी हुई थी वह पत्नी को बचाने में कामयाब रहा लेकिन अपनी जान नहीं बचा पाया।
हादसा मिर्जापुर देहात कोतवाली के जौसरा घाट पर सोमवार की सुबह आठ बजे हुआ। घटना में 12 लोग बचा लिए गए। नाव सवार लोग बरैनी से जौसरा घाट पर आर-पार माला बांधने की रस्म अदा करने जा रहे थे। बताया जाता है कि नाव में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के चलते यह हादसा हुआ।
कछवां थाना क्षेत्र के बरैनी निवासी सोहनलाल के बड़े बेटे कृष्ण मुरारी सेठ की शादी 20 फरवरी 2017 को इलाहाबाद के हड़िया की प्रीती के साथ हुई थी। परिवार के लोगों ने गंगा में आर-पार की माला बांधने की मन्नत मानी थी।
सोमवार को सोहन लाल, पत्नी मालती देवी, बेटा कृष्ण मुरारी (28), बहू प्रीती, छोटा बेटा जितेंद्र कुमार, दामाद राहुल सेठ निवासी झूंसी इलाहाबाद, बेटी रीना, नातिन मीठी, नंदनी, छोटी बेटी रूबी, साले मंगला प्रसाद निवासी मुगलसराय बाजार की पत्नी और तीन बेटियां अल्का, अनामिका तथा प्रीती (19) के साथ नाव से बरैनी घाट से जौसरा तक माला बांधने के लिए निकले।
नाविक राजेंद्र इन 14 लोगों के अलावा तीन अन्य नाविकों भट्टू, मुसई और एक अन्य को लेकर घाट से सुबह आठ बजे रवाना हुआ। लगभग पंद्रह मिनट बाद नाव बीच गंगा में पहुंची तो पुरवा हवा चलने लगी।