यही हाल सेवापुरी ब्लाॅक के ठठरा गांव का रहा। यहां के पूर्व माध्यमिक विद्यालय और राजकीय हाईस्कूल में ताला बंद मिला। मिर्जामुराद के किसान इंटर काॅलेज बूथ पर दोपहर 2:10 बजे सन्नाटा रहा। नरसड़ा बूथ पर सुबह 11:20 बजे तक कोई बीएलओ नहीं पहुंच सका था।
लोहता क्षेत्र के सिरसा में दोपहर 1:30 बजे और कोटवां में 2:30 बजे तक बीएलओ नहीं पहुंच सके। डाफी में भी एक जगह बीएलओ नहीं पहुंच सके। इस पर क्षेत्र की रीता देवी ने नाराजगी जताई और कहा कि फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी निभाने वाले बीएलओ ढंग से बात नहीं कर रहे हैं। चिरईगांव के सिरिस्ती के रमेश यादव ने कहा कि 2003 की मतदाता सूची से कई नाम गायब हैं।
डीएम ने सुपरवाइजर और बीएलओ को दी चेतावनी
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को एसआईआर के लिए कई मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। साथ ही लापरवाही पर सुपरवाइजर और बीएलओ को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि दो दिन में शेष मतदाताओं के घर गणना प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित करें। जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिए जा चुके हैं, उनका कलेक्शन भी कराते रहें। उन्होंने लिटिल फ्लावर स्कूल ककरमत्ता, आदर्श बाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ककरमत्ता और निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।
डीएम ने आदर्श बाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूथ पर आए मतदाताओं से बात भी की। फॉर्म भरने की प्रक्रिया को भी बताया। ऑनलाइन फीडिंग का काम देखा। बूथों पर गणना प्रपत्रों के वितरण, कलेक्शन व डिजिटाइजेशन कार्यों के प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों में लापरवाही व शिथिलता बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक करें सहयोग
नागरिक सुरक्षा के वार्डन/ स्वयंसेवकों की नागरिक सुरक्षा सभागार चेतगंज में बैठक हुई। एडीएम ने स्वयंसेवकों को एसआईआर फॉर्म भरवाने में बीएलओ का सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों का मतदाता सूची में नाम दर्ज करने और त्रुटिरहित, पारदर्शी मतदाता सूची बनवाने में मदद की जरूरत है। चीफ वार्डन विनोद गुप्ता, वीवी सुंदर शास्त्री, कन्हैयालाल, संजय राय, मंगला प्रसाद आदि रहे।