वाराणसी। ब्लॉक प्रमुखों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मंगलवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास का संकल्प लेते हुए उसे पूरा करने का भी लोगों से वादा किया। शपथ ग्रहण के बाद हुई बैठक में समिति का गठन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विकास पर चर्चा हुई। हालांकि शपथ ग्रहण के दौरान कई ब्लॉकों के कार्यक्रमों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन होता नहीं दिखा। बहुत से लोग जहां बिना मॉस्क लगाए थे, वहीं सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं दिखा।
00
बिना भेदभाव के क्षेत्र में विकास कार्य करेंगे : लक्ष्मीना कनौजिया
दानगंज। चोलापुर ब्लाक मुख्यालय पर नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को जिला उद्यान अधिकारी ने शपथ दिलाई। चोलापुर ब्लाक की प्रमुख लक्ष्मीना कनौजिया कक्षा पांच तक शिक्षा ग्रहण की हैं। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि बिना भेदभाव के क्षेत्र में विकास कार्य किया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में गोला हाउस से जुड़े लोग मंच से पंडाल तक छाए रहे। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख त्रिभुवन नारायण सिंह, बसपा नेता सीताराम त्यागी, अखंड सिंह, राजेंद्र सिह, अभिषेक सिंह, चंद्रशेखर सिंह आदि मौजूद रहे।
--------
ऐसा काम करें कि प्रदेश में उदाहरण बनें : अनिल राजभर
हरहुआ। ब्लॉक मुख्यालय पर ब्लाक प्रमुख विनोद कुमार उर्फ बब्बू उपाध्याय को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने शपथ दिलाई। इसके बाद बीडीसी सदस्यों को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि कहा कि ऐसा काम करें कि प्रदेश में उदाहरण बनें। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी, अखिलेश उर्फ गोपाल सिंह, लालजी पटेल, राजनारायण पटेल, भगत यादव, लालमन यादव, प्रधान संघ अध्यक्ष हरहुआ मधुबन यादव आदि मौजूद रहे।
----------
नगीना पटेल ने ली शपथ, सदस्यों से मांगा प्रस्ताव
राजातालाब। आराजीलाइन विकास खंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख और बीडीसी सदस्यों ने शपथ ली। ब्लॉक प्रमुख नगीना पटेल ने शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र का विकास करने का वादा किया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ बैठक कर उनसे विकास कार्यों का प्रस्ताव भी मांगा। कार्यक्रम का संचालन नीरज पांडेय ने किया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, पूर्व उप प्रमुख शिवपूजन सिंह, जिला पंचायत सदस्य दिनेश यादव, सुनील सिंह, महेंद्र सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।
----------
शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र का विकास करेंगे : धर्मेंद्र विश्वकर्मा
पिंडरा। पिंडरा विकासखंड में भूमि संरक्षण अधिकारी अमित मिश्रा ने नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख धर्मेंद्र विश्वकर्मा को शपथ दिलाई। उन्होंने सदस्यों के प्रस्ताव पर विकास कार्य कराने का वादा किया। कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र का विकास करूंगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अवधेश सिंह, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह, जगदीश गुप्ता, प्रभारी बीडीओ आशीष सिंह, प्रभारी एडीओ पंचायत जयप्रकाश भारती, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरोज कुमार उर्फ मुन्ना चौबे, पवन सिंह, अभिषेक सिंह राजपूत, दिनेश सिंह आदि रहे। संचालन अजय ऊदल ने किया। शपथ ग्रहण समारोह में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया।
--------------
सामाजिक दूरी का नहीं किया पालन
सेवापुरी। स्थानीय ब्लॉक सभागार में ब्लाक प्रमुख रीना कुमारी को अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम नारायन यादव ने शपथ दिलाई। समारोह के दौरान कोविड-19 की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। यहां तक कि मंच पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया गया। समारोह में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंवर वीरेंद्र, खंड विकास अधिकारी दिवाकर सिंह, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता मनीष सिंह, तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य आदि उपस्थित रहे।
------------
बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रेरित करेंगी : रेनू पटेल
लोहता। काशी विद्यापीठ ब्लॉक पर नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख रेनू पटेल को पीसी मनरेगा करुणाकर अदीब ने शपथ दिलाई। समारोह स्थल पर कोविड-19 की धज्जियां उड़ीं। ज्यादातर लोग बिना मास्क के रहे। सुरक्षा की कमान वरुणा जोन के डिप्टी कमिश्नर विनय कुमार सिंह संभाल रहे थे। ब्लाक प्रमुख ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के जागरूकता अभियान चलाएंगी। बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रेरित करेंगी। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, निवर्तमान ब्लाक प्रमुख प्रवेश पटेल, वीडीओ अनुराधा त्रिपाठी मौजूद रहीं। एडीओ आईएसबी रामकृपाल द्विवेदी रहे।
--------------
23 क्षेत्र पंचायत सदस्य शपथ लेने नहीं पहुंचे
चिरईगांव। नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख चिरईगांव अभिषेक कुमार सिंह को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वीबी सिंह को शपथ दिलाई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, बीडीओ चिरईगांव दिलीप सोनकर मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में कोरोना प्रोटोकॉल का खुलेआम उल्लंघन हुआ। ब्लाक प्रमुख बगैर मास्क लगाए दिखे। कार्यक्रम में 23 क्षेत्र पंचायत सदस्य शपथ लेने नहीं पहुंचे। कार्यक्रम के बाद क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक भी आयोजित हुई। इस मौके पर छह समितियों का गठन किया गया।
---------
सभी सदस्यों की सहमति से विकास कार्य कराएंगे : नूतन सिंह
बड़ागांव। स्थानीय विकास खंड में नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख के साथ सभी 116 सदस्यों ने शपथ ली। इसके बाद कार्यसमितियों का गठन करते हुए पहली बैठक की गई। नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख नूतन सिंह को जिला दिव्यांग अधिकारी राजेश मिश्रा शपथ दिलाई। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सभी सदस्यों की सहमति से विकास कार्य कराए जाएंगे। खंड विकास अधिकारी दीपांकर आर्य ने छह समितियों की घोषणा की। इस मौके पर पशु चिकित्साधिकारी सतीश तिवारी, सीडीपीओ मुकेश कुशवाहा, समाजसेवी दीपक सिंह, अपना दल(एस) के सुनील पटेल आदि मौजूद रहे।