भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि भाजपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपने को पूरा करेगी। अनुसूचित जाति के नौजवानों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के साथ ही मोदी सरकार उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी। सामाजिक और आर्थिक सुधारों का कार्यक्रम शुरू हो गया हे। जल्द ही इसका असर भी दिखने लगेगा। शिवप्रकाश शुक्रवार को नरिया स्थित रामनाथ चौधरी शोध संस्थान में भाजपा अनुसूचित जाति की क्षेत्रीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कहा कि अंबेडकर चिंतन पर शोध की जरूरत को देखते हुए केंद्र सरकार दिल्ली में स्टडी सेंटर खोल रही है। यह केंद्र आईएएस की तैयारी कर रहे अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए काफी मददगार होगी। बताया कि मोदी सरकार में जिस गांव में दलित वर्ग के 50 भी लोग हैं, उस गांव को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिया जा रहा है। बसपा ने दलितों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है।
उनके सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए कोई ठोस पहल नहीं की। बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, सांसद विनोद सोनकर, विद्यासागर सोनकर, डॉ. दीपचंद्र, दीनानाथ भास्कर, दिलीप सोनकर, मनोज सोनकर, संतोष शुक्ला, शिव तपस्या पासवान, अमन सोनकर, अनूप राजभर, अमित चौधरी, प्रेम सोनकर आदि शामिल थे।