कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत व ओलंपियन मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा। केंद्र सरकार के राष्ट्रवाद को फर्जी बताते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा सेना के शौर्य को आगे रखकर केवल वोट बटोरती है। चुनाव के बाद वह सैनिकों के हितों को दरकिनार कर देती है। सैन्य मोर्चे पर सरकार की योजनाएं सेना व सैनिकों के हित में नहीं हैं।
शुक्रवार को मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में दोनों ने सैनिकों को दी जा रही सरकारी सुविधा व बजट में सरकार द्वारा की जा रही कटौती से जुड़ी पुस्तिका का लोकार्पण भी किया। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया ने कहा कि इस पुस्तिका में भाजपा सरकार की सेना से जुड़ी कारगुजारियों का पूरा चिठ्ठा है। सेना में 1,22,555 पद खाली हैं और वन रैंक वन पेंशन योजना अब वन रैंक पांच पेंशन योजना बन चुकी है। भाजपा सरकार ने सैनिकों की डिसएबिलिटी पेंशन पर टैक्स, सीएसडी कैंटीन पर जीएसटी और अर्द्धसैनिक बलों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। इस दौरान पूर्व विधायक अजय राय, राजीव गौतम व राघवेंद्र चौबे मौजूद रहे।
खिलाड़ियों को कोई पदोन्नति नहीं दी गई : विजेंद्र
वाराणसी। ओलंपियन मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हरियाणा में खिलाड़ियों को डायरेक्ट डीसीपी, इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्ति दी पर अफसोस की बात है कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में आज तक उन खिलाड़ियों को कोई पदोन्नति नहीं दी गई है। तीन काले कृषि कानून पर मैंने किसानों का समर्थन किया और अपना राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार वापस करने की बात कही थी। मैंने वहां लंगर में काम किया और किसानों का साथ दिया और सरकार ने अंत में ये तीनों काले कानून वापस ले लिए। इसके बाद से मुझे सोशल मीडिया पर आईटी सेल ने ट्रोल भी किया, लेकिन मैं गांधी जी को मानता हूं।