कार्यक्रम में बोलते भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी की सत्ताधारी पार्टी भाजपा के ही दो विधायकों ने अपनी सरकार में ही भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया है। भदोही में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस समारोह के मंच पर बुधवार को भदोही और औराई के विधायकों की हताशा सामने आ गई।
अपनी ही सरकार में पुलिस और प्रशासन के कार्यालयों में भ्रष्टाचार और खुद की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए दोनों विधायकों ने कहा कि प्रशासनिक अमले में उनकी सुनी नहीं जा रही है।
यूपी दिवस समारोह में भदोही से भाजपा विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी ने बिजली, जिलापूर्ति कार्यालय और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों की अनियमितताएं बताईं।
उन्होंने कहा कि कोटे की दुकानें निरस्त और निलंबित की जा रही हैं, लेकिन गरीबों को ढंग से राशन नहीं मिल रहा है। गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कहा कि कार्यालयों में भ्रष्टाचार में कमी नहीं आ रही है।
पिछली सरकारों की मानसिकता के प्रभाव में जो गांव लोहिया और अंबेडकर चुने गए थे, उन्हीं का विद्युतीकरण किया जा रहा है। चेतावनी दी कि अगर गरीबों का हक नहीं मिला तो इस मसले को जनता की अदालत में ले जाएंगे।
अधिकारी सीट छोड़कर नहीं उठते
मंच पर आसीन दीनानाथ भाष्कर व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
औराई से भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं गिनाईं, फिर उन्होंने भी अफसरों की कार्यप्रणाली की आलोचना की। डीएम और एसपी की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि विधायकों के पहुंचने पर अधिकारी सीट छोड़कर नहीं उठते हैं। क्या यही प्रोटोकाल है?
चोरी और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन वर्कआउट के नाम पर कुछ नहीं हो रहा है। जमीन से जुड़े किसी कार्य के लिए अगर राजस्व का अधिकारी निर्देश देता है कि काम होने दिया जाए तो पुलिस का अधिकारी फोन कर उस काम को रोक देने का निर्देश देता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जमीन से जुड़े मसले में पुलिस का अधिकारी कैसे हस्तक्षेप कर सकता है। सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकारियों और विधायकों के बीच अगर समस्या है तो उसे संवाद के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में इस मसले पर बातचीत होगी।
उत्तर प्रदेश दिवस समारोह के आयोजन में बुधवार को मंच पर भाषण दे रहे विधायक दीनानाथ भाष्कर को दर्शक दीर्घा में बैठे पतंजलि योग समिति के प्रांतीय प्रभारी संदेश योगी ने टोक दिया। बात लंबी खिंचती देख उन्होंने कहा कि ‘विधायक जी समय का थोड़ा ध्यान रखें।
अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए आप ऐसा बोल रहे हैं।’ इस पर विधायक दीनानाथ भाष्कर ने कहा कि मुझे औराई की जनता ने चुनकर भेजा है और मैं जनता की बात रखूंगा।