पांच दिवसीय काशी प्रवास के अंतिम दिन मंगलवार को दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित समन्वय बैठक में भाजपा पदाधिकारियों को हिदायत दी गई संतुष्टों-असंतुष्टों के बीच तालमेल स्थापित करें।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत से भाजपा के दिग्गज नेताओं की वार्ता मंगलवार को समन्वय बैठक में हुई। भाजपा सहित अन्य अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ करीब दस घंटे चली बैठक में मिशन 2019 के लिए बिंदुवार मंथन के बाद रोडमैप तैयार किया गया है।
संघ प्रमुख ने इसके लिए सभी संगठनों को दायित्व भी सौंप दिए हैं। स्पष्ट संदेश दिया गया कि जिस काम के लिए उनका निर्माण हुआ है और जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, परिणाम मिलने तक उस पर कार्य करें। यह भी कहा कि सत्ता से जुड़े लोगों से दूरी रखें। सत्ता का काम सत्ता वालों को ही करने दें। संगठन को सामाजिक व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिवर्तन करने के अपने लक्ष्य से विचलित नहीं होना है।
पांच दिवसीय काशी प्रवास के अंतिम दिन मंगलवार को दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित समन्वय बैठक में भाजपा पदाधिकारियों को हिदायत दी गई संतुष्टों-असंतुष्टों के बीच तालमेल स्थापित करें।कहा गया, संगठन चुनाव तक सीमित नहीं रहता है। सत्ता मजा लेने और टिकट बंटवारे के लिए ही नहीं है।
सत्ता इसलिए मिली है कि खुद को जनता के बीच जाकर बताएं कि हम क्या हैं? और अब तक क्या किया है? राजनीतिक संगठन का अर्थ केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि सामान्य मानविकी के जीवन की असुविधाओं को दूर करना है।
इसलिए संगठन पदाधिकारियों का दायित्व बनता है केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं। इसे लालफीताशाही से बचाएं। साथ ही यह भी कहा गया कि इस काम में बाधा बनने वालों को, भले ही वे कोई हों, छोड़ा नहीं जाएगा।
बैठक में बताया गया कि संघ सामाजिक समरसता, सर्वसमावेशी विकास और समाज में सामान्य मानविकी जीवन के चिंतन के लिए सतत प्रयास कर रहा है। समस्याओं को भी देख रहा है। विकास में राजनीति का कोई स्थान नहीं है।
युवाओं के देश भारत में संघ विकास की उस बुनियाद को खड़ा करना चाहता है, जिसका उदाहरण वैश्विक जगत कभी भी और कहीं भी दिया जा सके। यह क्षमता केवल और केवल भारत में है।
बैठक में यतेंद्र कुमार, मनोज कांत, ओमपाल सिंह, अंगद सिंह, लाल बहादुर सिंह, मिथिलेश नारायण, कुंवर बहादुर, विरेंद्र पराक्रमादित्य, राम कुमार वर्मा, विरेंद्र जायसवाल, शिवनारायण, भाजपा से राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री रत्नाकर के अलावा काशी, गोरक्ष, अवध और कानपुर प्रांत के 300 कार्यकर्ता शामिल रहे।