मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के खीरीकोठा गांव के पास शनिवार की रात में बाइक चालके के सामने अचानक सियार के आ जाने से बाइक टकरा कर पलट गई। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के समय बाइक सवार युवक अपने मित्र को फतेहपुर मंडाव छोड़कर वापस घर लौट रहा था।
बलिया जनपद के ताड़ीबड़ा गांव का निवासी बाइक सवार चौंतीस वर्षीय विष्णुशंकर वर्मा उर्फ मुन्ना वर्मा पुत्र रामजी वर्मा शनिवार की रात 10 बजे अपने मित्र को फतहपुर मंडाव छोड़कर बाइक से अपने मधुबन के रास्ते घर लौट रहा था। जैसे ही वह खीरीकोठा गांव स्थित मस्जिद के पास पहुंचा, तभी सामने अचानक सियार आ गया। जिससे बाइक से युवक का नियंत्रण खो गया तथा बाइक एक नीम के पेड़ से जा टकराई। जिससे युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।
मौके पर उपस्थित लोग घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फतहपुर मंडाव ले गए, जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन युवक को जिला अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताते चलें कि युवक का दो वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था। एक वर्ष का उसका एक पुत्र है। युवक अपने क्षेत्रीय बाजार में मेडिकल स्टोर का संचालन कर घर-गृहस्थी का पालन-पोषण करता था। जैसे ही युवक का शव उसके मधुबन स्थित आवास पर पहुंचा परिजनों के करुण-क्रंदन से उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गई।