वाराणसी के पांडेपुर फ्लाईओवर पर बाइक सवार तीन छात्रों को सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक पुल से नीचे गिर गई। दो छात्र भी नीचे गिर गए जबकि एक ऊपर ही रहा।
हादसे के बाद तीनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां इलाज के दौरान सेंट्रल जेल रोड निवासी उत्कर्ष सिंह की मौत हो गई। एक छात्र को शाम को डिस्चार्ज कर दिया गया जबकि एक छात्र का इलाज चल रहा है।
तिलक नगर निवासी प्रमोद सिंह का बेटा उत्कर्ष (18) अपने दोस्तों अमन पांडेय और आदित्य सिंह के साथ बाइक से पांडेपुर कोचिंग पढ़ने गए थे। घर लौटते समय पुल पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। रोडवेज बस को ओवरटेक करने के चक्कर में घटना हुई।
टक्कर में बाइक समेत उत्कर्ष और अमन पांडेय पुल के नीचे गिर गए। आदित्य पुल पर रह गया जिससे उसकी जान बची। घटना की जानकारी होने पर पुलिस तीनों को पहले पं. दीनदयाल चिकित्सालय और फिर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गई।
सिर में चोट लगने की वजह से उत्कर्ष की मौत हो गई। वह दो बहनों में इकलौता भाई था। आदित्य को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि अमन की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों गिलट बाजा के रहने वाले हैं।