वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल स्थित उमंग फार्मेसी में बुधवार दोपहर छात्रों और कर्मचारियों में मारपीट और तोड़फोड़ से अफरातफरी मच गई। आरोप है कि दो छात्र काउंटर से दवा लेने के बजाय अंदर घुस गए और कर्मचारियों पर दवा देने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर हाथापाई कर दी और फार्मेसी का दरवाजा तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे सीओ भेलूपुर ने मामला शांत कराया। दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। इस दौरान करीब आधे घंटे तक फार्मेसी में अफरातफरी का माहौल रहा।
सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रामा सेंटर में फार्मेसी का काउंटर चलता है। यहां हर दिन की तरह दवा लेने के लिए मरीजों की भीड़ लगी थी। सुबह करीब 11.30 बजे दो छात्र दवा लेने पहुंचे। काउंटर पर तैनात कर्मचारियों को पर्चा दिया तो उन्होंने दवा निकालने तक इंतजार करने को कहा। आरोप है कि इससे छात्र नाराज हो गए और तत्काल दवा देने को कहा। कहासुनी के बीच दोनों छात्र फार्मेसी के अंदर घुस गए।
कर्मचारियाें का आरोप है कि उन्होंने छात्रों के अंदर आने का विरोध किया तो छात्र गालीगलौज करने लगे। बात इतनी बढ़ी कि एक छात्र ने हाथ उठा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस बीच करीब दर्जन भर छात्र और आ गए। नाराज छात्रों ने फार्मेसी के अंदर का दरवाजा तोड़ दिया। सूचना पाकर तीन थानों की फोर्स के साथ पहुंचे सीओ भेलूपुर, इंस्पेक्टर लंका ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया। छात्रों ने दवा वितरण में लापरवाही, मारपीट का आरोप लगाते हुए लंका थाने में तहरीर दी है। उधर, फार्मेसी कर्मचारियों का कहना है कि छात्र काउंटर के अंदर आकर जबरन दवा देने का दबाव बना रहे थे। हालांकि अभी थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।