बीएचयू में 20 दिसंबर के बवाल के दौरान हुए नुकसान की भरपाई 13 आरोपी छात्रों से की जाएगी। इन आरोपियों से नुकसान का जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माने की राशि जमा न करने वालों के विरद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एडीएम सिटी की ओर से इन आरोपियों के घर नोटिस भेजा जाएगा।
आरटीओ कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बीएचयू में बीते महीने हुए बवाल के दौरान एक बस में आग लगा दी गई थी और कई वाहन पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। इनमें से 17 वाहन स्वामियों ने उच्चतम न्यायालय के आदेश और प्रदेश सरकार के शासनादेश का हवाला देते हुए नुकसान की भरपाई आरोपियों से कराने की मांग प्रशासन से की थी।
प्रशासन ने परिवहन विभाग से 17 क्षतिग्रस्त वाहनों के नुकसान का आंकलन कराकर रिपोर्ट देने को कहा था। परिवहन विभाग की ओर से बताया गया कि सभी 17 वाहनों को 3,68,300 रुपये का नुकसान हुआ है। यह धनराशि 13 हिस्सों में बांट कर नामजद आरोपियों से वसूली जाएगी और संबंधित वाहन मालिकों को आरटीओ की रिपोर्ट के अनुसार भुगतान कराया जाएगा।