वाराणसी में बीएचयू में एक बार फिर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। जिसमें एक छात्र घायल हो गया। इसके बाद बीएचयू बिरला छात्रावास के छात्रों ने सिंह द्वार पहुंच कर गेट बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए। परिसर में घटी घटना के लिए चीफ प्रॉक्टर को जिम्मेदार बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस मामले को शांत कराने की कोशिश कर रही थी।
मंगलवार शाम को बिरला ए छात्रावास में रहने वाले अभिजीत शर्मा जो कला संकाय के बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। चाय के दुकान पर अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान छह लड़के वहां पहुंचे और अभिजीत व उसके दोस्तों के साथ मारपीट करने लगे। बाइक सवार अज्ञात लड़को ने कट्टे की मुठिया से अभिजीत पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया।
इसके बाद वहां मौजूद लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। इसमें अभिजीत घायल हो गया। इसके बाद अभिजीत का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज कराया गया। धरनारत छात्रों का आरोप है कि परिसर में घटी घटना के लिए चीफ प्रॉक्टर जिम्मेदार है।
साथ ही छात्रों ने कहा कि बाहर के छात्र बीएचयू परिसर में आ कर गुंडागर्दी कर के चले जा रहे है और विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्डों ने कुछ नहीं किया। आक्रोशित छात्रों ने पथराव भी किया। इस संबंध में सीओ भेलूपुर ने कहा कि तहरीर मिली है और पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। आरोपी छात्र के घर पर पुलिस प्रशासन को भेजा गया है।