उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सोमवार शाम शीतला धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो कर पलट गई। जिसमें मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 घायल हो गए। हादसा ओवरटेक करने के चलते हुआ है।
मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के चक पैसठ गांव निवासी 30 लोग ट्रैक्टर ट्राली से गड़बड़ा शीतला धाम दर्शन के लिए गए थे। वहां से सभी लौट रहे थे। शाम साढ़े पांच बजे खैरा भभूता गांव के पास एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने में श्रद्धालुओं से भरी ट्राली पलट गई।
घटना में रिंकू देवी (35) पत्नी सच्चिदानंद, डेढ़ वर्षीय पुत्र आयुष तथा देवांती (50) पत्नी राजाराम की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सरकारी एंबुलेंस से लालगंज स्थित सरकारी अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया।
डेढ़ घंटे बाद ट्रैक्टर ट्राली किनारे कर आवागमन शुरू कराया गया। घायलों में आशा देवी, सविता, विवेक, मीना, मीरा, पार्वती, नीतू, निर्मला, रमेश, मनीष, संतोष, कौशल्या, सुरेंद्र मौर्य, चांद मुनी, सीमा, आयुष आदि शामिल हैं।