बीएचयू में हॉस्टल और लाइब्रेरी को खोले जाने की मांग तेज हो गई है। बृहस्पतिवार को छात्रों ने सेंट्रल ऑफिस पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उधर, पहले से हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने हॉस्टल से निकाले जाने के फैसले के विरोध में कुलपति आवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द हॉस्टल-लाइब्रेरी खोलने की मांग की है। साथ ही छात्रों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
कुलपति आवास के सामने धरना देकर छात्रों ने हॉस्टल से जबरन निकाले जाने का आरोप लगाते हुए विरोध में नारेबाजी की। कहा कि कोरोना काल में पहले से हॉस्टल में रह रहे छात्रों को निकाले जाने का फैसला छात्र विरोधी है। छात्रों ने कुलपति से दोबारा हॉस्टल न मिलने तक उसी हॉस्टल में रहने की मांग की है। इस दौरान मृत्युंजय तिवारी, अभिषेक सिंह, शुभम तिवारी, राजन, सर्वेश सिंह सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।
उधर, सेंट्रल ऑफिस पर हॉस्टल-लाइब्रेरी खोले जाने को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर अनलॉक बीएचयू मुहिम चलाने के बाद बृहस्पतिवार को छात्रों ने सेंट्रल ऑफिस पहुंचकर धरना दिया और हॉस्टल और लाइब्रेरी खोले जाने की मांग की। छात्रों ने कहा कि अब जबकि ऑनलाइन काउंसलिंग भी चल रही है और छात्र-छात्रा अपनी पढ़ाई में जुट गए हैं तो ऐसे में लाइब्रेरी को बंद करने का फैसला उचित नहीं है। मौके पर पहुंचे प्रॉकटोरियल बोर्ड के सदस्यों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने पर अड़े रहे। इस दौरान शिवम, अंकित, नीतीश, अर्जुन, लोकेश आदि मौजूद रहे।