बीएचयू के राजनीति विज्ञान विभाग में शोध में हुए दाखिले पर छात्रों ने सवाल खड़ा किया है। मंगलवार को विभाग में निर्धारित सीट से कम पर दाखिले का आरोप लगाते हुए छात्रों ने गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए।
बीएचयू प्रशासन के विरोध में नारे लगाते हुए निर्धारित सीटों पर प्रवेश की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर पहुंचे चीफ प्राक्टर ने छात्रों को समझाया लेकिन वे नहीं माने। शाम को विभागाध्यक्ष के आश्वासन पर धरना समाप्त किया।
राजनीति विज्ञान विभाग में इन दिनों शोध में खाली सीटों पर दाखिला चल रहा है। मंगलवार को सीट से कम पर दाखिला लेने का आरोप लगाते हुए गुंजेश गौतम, पतंजलि पांडेय, अरुण चौबे, आशीष आदि ने हंगामा शुरू कर दिया। गेट पर तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए।
उनका कहना था कि सितंबर 2016 में जारी विज्ञापन के अनुसार पांच मई 2017 को शोध में नामांकन के लिए साक्षात्कार लिया गया था लेकिन प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। विश्वविद्यालय स्तर पर न्याय नहीं मिला तो प्रकरण से प्रधानमंत्री कार्यालय को अवगत कराया गया।
इसके बाद प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हुई लेकिन पूर्व में घोषित 33 सीटों की बजाय केवल नौ सीटों पर नामांकन किया गया। उधर, विभाग पहुंचे चीफ प्राक्टर प्रो. ओएन सिंह ने समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र लिखित कार्रवाई पर अड़े रहे।
गुंजेश ने बताया कि बुधवार को दोपहर तक फैसला लेने के आश्वास पर धरना समाप्त किया गया है। यदि सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती तो आंदोलन किया जाएगा।