Varanasi News: बीएचयू के छात्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोते समय उस पर चाकू, कुकर और गिटार से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया। उसके सिर में आठ टांके लगाए गए हैं।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग के छात्र तरुण गौतम की शिकायत पर साथ में पढ़ने वाले सत्यम कुमार के खिलाफ चाकू से हमला कर घायल करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
विज्ञापन
आरोप है कि बीते 28 अप्रैल को दोपहर में सोते समय चाकू, कुकर और गिटार से तरुण गौतम पर हमला किया गया। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी कमरे को बाहर से बंद कर भाग गया।
कुछ देर बाद तरुण ने मकान मालिक को फोन कर गेट खुलवाया, जिसके बाद इलाज के लिए वह अस्पताल गया। जहां उसके सिर पर आठ टांके लगाए गए हैं। आरोपी तरुण के साथ छित्तूपुर में किराये के कमरे में रहता है। मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है।