आईआईटी बीएचयू का पांचवां दीक्षांत समारोह 17 अक्तूबर को आयोजित है। इसमेें चालीस मेधावियों को गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। बीटेक में ओवरऑल टॉप करने वाले दो मेधावियों को पांच-पांच गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। इसमें इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की छात्रा दीप्ति नैथानी को पांच गोल्ड मेडल समेत आठ पुरस्कार मिलेंगे।
वहीं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र शुभम वर्मा को पांच गोल्ड मेडल समेत सात पुरस्कारों को नवाजा जाएगा। बता दें कि चालीस मेधावियों में 14 छात्राओं ने इस साल भागीदारी दर्ज कराई है। दीक्षांत समारोह 17 अक्तूबर को स्वतंत्रता भवन में आयोजित है।
इसमें बतौर मुख्य अतिथि आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर व टाटा टेलीसर्विसेज (महाराष्ट्र) बोर्ड के निदेशक पद्मश्री प्रो. अशोक झुनझुनवाला और सोसाइटी फॉर एजूकेशन, एक्शन एंड रिसर्च इन कम्यूनिटी हेल्थ (सर्च) के निदेशक डॉ. अभय बंग होंगे। इन्हीं के हाथों मेधावियों को मेडल व पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह के बाद दोपहर तीन बजे से स्वतंत्रता भवन में ही उपाधि वितरण कार्यक्रम होगा। वहीं 16 अक्तूबर को शाम पांच बजे दीक्षांत समारोह का रिहर्सल होगा।