बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में सोमवार से बदले समय से ओपीडी चलेगी। इसके अलावा ऑपरेशन थिएटर और जांच को लेकर भी नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। ओपीडी जहां सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी, वहीं पैथालॉजी में जांच भी सुबह आठ से शाम छह बजे तक मरीज करा सकेंगे।
ओपीडी, जांच और ऑपरेशन थिएटर के समय में बदलाव का सबसे बड़ा लाभ दूर दराज से आने वाले मरीजों को मिलेगा। चिकित्सा अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के तहत ओपीडी अब सुबह आठ से दोपहर दो बजे के बजाय दो जुलाई से नौ से पांच बजे तक चलेगी।
इसी समय तक ऑपरेशन भी होंगे। इसमें चिकित्सकों-कर्मचारियों के लिए दोपहर एक से दो बजे तक भोजनावकाश रहेगा। पर्चा भी सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक कटेगा। अब पैथालॉजी में जांच भी सुबह 8 से शाम 6 बजे तक होगी, इसके लिए मोबाइल पर जांच रिपोर्ट देने की भी व्यवस्था शुरू हो रही है।