बीएचयू में छेड़खानी को लेकर हुए बवाल की तपिश अभी ठंडी भी नहीं हुई कि गुरुवार को परिसर में फिर ऐसी ही एक वारदात से सनसनी मच गई। परा स्नातक की एक छात्रा से कैंपस के ही एक छात्र ने छेड़खानी की। बाल खींचकर उसके साथ मारपीट के बाद उसका मोबाइल तोड़ दिया।
वारदात जब हुई तब राष्ट्रीय महिला आयोग की कार्यकारी अध्यक्ष रेखा शर्मा भी बीएचयू कैंपस में ही मौैजूद थीं। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक हड़कंप मच गया। प्राक्टोरियल बोर्ड की सूचना पर लंका पुलिस ने कुछ घंटों में ही आरोपी छात्र शीतला शरण गौड़ को गिरफ्तार कर लिया।
शीतला शरण सामाजिक विज्ञान संकाय के एमए (लोक प्रशासन) तृतीय सेमेस्टर का छात्र है। उसके खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, धमकाने, आर्थिक नुकसान पहुंचाने सहित अन्य आरोपों में लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लंका थाने पहुंची पीड़ित छात्रा ने थानाध्यक्ष को बताया कि वह शादीशुदा है। गुरुवार की दोपहर करीब 12:30 बजे सामाजिक विज्ञान संकाय में शीतला शरण गौड़ ने उसके साथ बदसलूकी की। इससे डर कर वह एक शिक्षक के कमरे की तरफ भागने लगी तो शीतला शरण ने उसका मोबाइल छीन लिया।
इसके बाद उसका बाल खींचकर सबके सामने उसे थप्पड़ मारे और मोबाइल जमीन पर पटक दिया। छात्रा ने समाजशास्त्र विभाग के प्रमुख को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने तत्काल चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह को अवगत कराया।
उधर, पुलिस के समक्ष आरोपी छात्र का कहना था कि पिछले तीन साल से वह और छात्रा एक-दूसरे के दोस्त थे। कुछ फोटोग्राफ्स को लेकर विवाद हुआ था।
आरोपी छात्र निलंबित, जांच कमेटी गठित
आरोपी छात्र
- फोटो : अमर उजाला
डिप्टी चीफ प्राक्टर प्रो. श्रद्धा सिंह और डॉ. सुजाता गौतम पीड़ित छात्रा को लेकर लंका थाने पहुंचीं। लंका थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित छात्रा को मेडिकल मुआयना के लिए भेजकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
छात्रा से छेड़खानी और मारपीट की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएचयू प्रशासन ने आरोपी छात्र शीतला शरण गौड़ को निलंबित कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक मामले की जांच के लिए इतिहास विभाग के प्रो. प्रवेश भारद्वाज की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया गया है।
इसमें विधि संकाय के प्रो. अजय कुमार, समाजशास्त्र विभाग की डॉ. अरुणा कुमारी और सामाजिक विज्ञान संकाय के अनुभाग अधिकारी छेदी लाल शामिल हैं। कमेटी 15 दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
बीएचयू पहुंचे योगेंद्र यादव ने छात्राओं का बढ़ाया मनोबल
yogendra yadav
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में हुए बवाल के बाद पीड़ित छात्राओं से मिलने कैंपस में गुरुवार को स्वराज पार्टी के योगेंद्र यादव पहुंचे तो पुलिस ने उनको रोक लिया। योगेंद्र यादव ने कहा कि पहले तो मुझे बीएचयू के कुलपति ने मिलने के लिये बुलाया फिर खुद ही मिलने से मना भी कर दिया।
योगेंद्र यादव के आगमन की सूचना पर बीएचयू के लंका गेट पर बड़ी संख्या में फोर्स मौजूद थी। इस बात पर योगेंद्र यादव ने तंज कसते हुए कहा- अच्छा लगा यह देखकर की बनारस में महिला पुलिसकर्मी भी हैं। यह उस वक्त कहां थीं जब गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष सिपाही लाठी चला रहे थे।
उन्होंने बीएचयू गेट पर मी्डया से बात करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं से छेड़खानी की शिकायत पर विश्वविद्यालय कुछ नहीं करती। अभी नई प्रॉक्टर आईं हैं। वो चात्राओं की सुरक्षा को सजग हैं।
जरा उनसे पूछा जाय कि पिछले पांच वर्षों में छेड़खानी की जो शिकायतें हुईं उसमें क्या कार्रवाई हुई। कार्रवाई का दस्तावेज विश्वविद्यालय सार्वजनिक करें। उन्होंने छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि मुझे छात्राओं पर गर्व है।
आप डरे नहीं बल्कि डटे रहें। आपको देश की करोड़ो बेटियां देख रही हैं। यौन हिंसा और छेड़खानी के खिलाफ मिसाल बनेंगी।