बीएचयू में छेड़खानी, लाठीचार्ज और बवाल मामले की जांच के लिए पहुंचीं राष्ट्रीय महिला आयोग की कार्यकारी अध्यक्ष रेखा शर्मा ने गुरुवार को एलडी गेस्ट हाउस में छात्राओं के अलावा विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों से चार घंटे तक पूछताछ की।
छात्राओं और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने अलग-अलग अपना बयान दर्ज कराया। घटना से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जानकारी लेने के बाद अध्यक्ष ने घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस की रिपोर्ट लाठीचार्ज का जिक्र नहीं होने पर अफसोस जाहिर करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि कुलपति शुक्रवार तक यहां आकर बयान नहीं देते हैं तो उन्हें आयोग में तलब किया जाएगा।
कैंपस स्थित एलडी गेस्ट हाउस में तीन सदस्यीय टीम के साथ अध्यक्ष रेखा शर्मा ने सुबह 11 बजे जनसुनवाई शुरू की। कई छात्राओं ने इस दौरान घटना के बारे में यहां आकर अपना बयान दर्ज कराया।
छात्राओं का पक्ष जानने के बाद अध्यक्ष ने पूर्व चीफ प्राक्टर प्रो. ओएन सिंह, छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह, महिला महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. संध्या सिंह कौशिक के साथ ही कई संकायाध्यक्षों, त्रिवेणी हॉस्टल, महिला महाविद्यालय स्थित हॉस्टल की वार्डन को तलब कर घटना के बारे में पूछताछ की।
शाम तीन बजे तक चली जनसुनवाई के बाद अध्यक्ष गेस्ट हाउस से निकलकर सबसे पहले भारत कला भवन चौराहा स्थित घटना स्थल पर पहुंचीं। यहां साथ मौजूद चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह से घटना से जुड़े पहलुओं पर जानकारी ली।
इसके बाद त्रिवेणी हॉस्टल, नवीन महिला छात्रावास और महिला महाविद्यालय पहुंचकर उन छात्राओं से बातचीत की, जो गेस्ट हाउस नहीं आ सकी थीं। अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया कि छेड़खानी पीड़ित छात्रा शुक्रवार को विश्वविद्यालय आएगी। उससे भी बातचीत की जाएगी।
पुलिस रिपोर्ट में लाठीचार्ज का जिक्र नहीं होने के बारे में एसएसपी से वह बात करेंगी।