काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में यूजी, पीजी में दाखिले के लिए दीपावली बाद काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी चल रही है। इसके लिए इस महीने के अंतिम सप्ताह तक एनटीए की ओर से प्रवेश परीक्षा का परिणाम भी जारी किया जा सकता है।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय में यूजी में 23 और पीजी में 94 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए इस बार एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की ओर से प्रवेश परीक्षा कराई गई। देश भर से करीब चार लाख से अधिक आवेदन आए थे। अब नौ अक्तूबर को प्रवेश परीक्षा खत्म होने के बाद अब वाराणसी समेत अन्य जगहों के अभ्यर्थियों को एनटीए की ओर से पाठ्यक्रमवार उत्तर कुंजी जारी होने का इंतजार है।
नियमानुसार एनटीए की ओर से उत्तर कुंजी जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को सवालों के जवाब में नियमानुसार कोई पक्ष है तो वह भी रखने का मौका दिया जाएगा। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह तक उत्तर कुंजी जारी होने और फिर इस महीने के अंतिम सप्ताह तक प्रवेश परीक्षा परिणाम भी जारी हो सकता है।
इधर विश्वविद्यालय की ओर से काउंसिलिंग की तैयारी भी शुरू हो गई है। इसके लिए औपचारिकताएं भी चल रही है। काउंसिलिंग की गाइडलाइन क्या होगी, इस दिशा पर भी मंथन चल रहा है। जल्द ही इसकी घोषणा भी की जा सकती है।