बीएचयू के स्कूलों में संस्कृत मेधावियों को मिलेगी सुधीर जैन स्कॉलरशिप
बीएचयू के कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन के नाम पर नई स्कॉलरशिप की शुरुआत की गई है। बीएचयू के स्कूलों में संस्कृत के 10 छात्र और छात्राओं को ये स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसके लिए 10 लाख रुपये का स्कॉलरशिप फंड तैयार किया गया है। हर महीने मिलने वाले ब्याज से ये स्कॉलरशिप बच्चों को दी जाएगी। 28 नवंबर को इस स्कॉलरशिप फंड में चार लाख रुपये और जोड़े गए हैं।
एकेडमिक काउंसिल की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लग गई। अगस्त से शुरू की गई इस स्कॉलरशिप के तहत पहले संस्कृत के चार छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल रहा था। अब इसे बढ़ाकर 10 कर दिया गया है।
एकेडमिक काउंसिल की बैठक में इस स्कॉलरशिप को कुलपति सुधीर जैन स्कॉलरशिप का नाम दिया गया। इसमें बीएचयू के रणवीर संस्कृत विद्यालय के तीन छात्र, सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल की चार छात्राएं और सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के तीन मेधावी छात्रों को ये स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसके तहत हर महीने पांच हजार रुपये छात्र-छात्राओं को दिए जाते हैं।
स्कॉलरशिप के लिए एक लाख की जरूरत
बैठक के एजेंडा के अनुसार ये प्रस्ताव इसी साल अगस्त में तैयार हुआ था। बीएचयू के विनियोजन इकाई द्वारा अवगत कराया गया कि स्कॉलरशिप के मद में 10 लाख रुपए प्राप्त हुए और 31 अक्तूबर तक 70529 रुपये ब्याज के तौर पर प्राप्त हुए। इस राशि को मिलाकर 10,72,529 रुपये हो गए। चूंकि स्कूल में हर एक स्कॉलरशिप के लिए एक लाख रुपये की जरूरत होती है। ऐसे में सुधीर जैन स्कॉलरशिप के अंतर्गत 10,72,529 रुपये मिल गए हैं।