वाराणसी। बीएचयू में कला संकाय, विज्ञान संकाय सहित अन्य संकायों में होने वाली शिक्षकों की नियुक्तियों का लिफाफा मंगलवार को नही खुल सका। कार्यकारिणी परिषद की बैठक में इस पर कोई फैसला नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि अब जुलाई के पहले सप्ताह में एक और बैठक हो सकती है, जिसमें नियुक्तियों पर चर्चा की जाएगी।
मंगलवार को कुलपति प्रोफेसर राकेश भटनागर की अध्यक्षता में उनके आवास पर हुई बैठक में शिक्षकों की पूर्व में 100 नियुक्तियों के साक्षात्कार के लिफाफे खोले जाने पर चर्चा की गई लेकिन बैठक में इस पर कोई फैसला नहीं हो पाया। सूत्रों की माने तो बैठक में कोरोना संक्रमण के दौर में छात्रों को प्रोन्नत किए जाने का भी मुद्दा उठा लेकिन इस पर भी कोई आम सहमति नहीं बन सकी। जबकि स्नातक और स्नातकोतर में प्रवेश परीक्षा जुलाई-अगस्त में कराने को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। हलांकि कुछ सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के बाद ही प्रवेश परीक्षा के बारे में कोई निर्णय लेने की बात कही।