भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद रविवार सुबह बिना किसी पूर्व सूचना के वाराणसी पहुंचे। समर्थकों के साथ सीरगोर्वधनपुर स्थित संत रविदास मंदिर में मत्था टेका।
भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर ने रविवार को वाराणसी पहुंचकर संत रविदास के दर्शन किए। मत्था टेकने के बाद उन्होंने लोगों से बातचीत की। वह बिना किसी पूर्व सूचना के संत रविदास के द्वार पहुंचे थे।
विज्ञापन
गठबंधन पर अभी फैसला नहीं
चंद्रशेखर ने कहा कि उनका किसी दल के साथ गठबंधन का अभी कोई फैसला नहीं है। अगर फैसला होगा तो लोगों को सूचित कर दिया जाएगा। बहुजन समाज के लोगों से गठबंधन करने का प्रयास किया जा रहा है। हमें अपनी मेहनत से जीतना होगा। हम समाज, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, मेहनतकश मजदूर और दस्तकार सभी को तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दलितों और शोषितों का राग अलापने वाली कुछ पार्टियां चुनाव तक ही माहौल बनाती हैं। उसके बाद भूल जाती हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा और कहा कि जिस देश में प्रधानमंत्री का ट्विटर एकाउंट हैक हो जाता है, वहां आम आदमी की कितनी सुरक्षा होगी।
विज्ञापन
काशी विश्वनाथ धाम पर चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा को चुनाव में वोट चाहिए। वोट के लिए जो लोग साढ़े चार साल काम नहीं करते, वे ही ऐसे धार्मिक मसलों का फायदा उठाकर चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने कहा, देश के बहुसंख्य लोग आज तक रोटी-कपड़ा और मकान की ही लड़ाई लड़ रहे हैं। देश में 80 करोड़ लोग ऐसे हैं जो कि सस्ते भोजन पर निर्भर हैं। सरकार इनकी भलाई के लिए जितनी भी बातें करें मगर कथनी और करनी में खासा फर्क है।