बलिया में जूलूस निकालकर भ्रमण करते युवा
- फोटो : अमर उजाला
एससी एसटी मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के सम्मान और भारत बंद के समर्थन में पूर्वांचल में भारत बंद का मिला जुला असर रहा। पटना-मुगलसराय रेलवे रूट पर बवाल के चलते ट्रेनों का आवागमन दोपहर दो बजे तक बंद रहा।
चंदौली और गाजीपुर में कई स्टेशनों पर ट्रेनें रोकी गईं। बलिया में कुछ इलाकों में बाजार बंद रहे। एक दो स्थानों पर व्यापारियों से मारपीट भी हुई। वाराणसी में अधिवक्ताओं ने डीएम के पोर्टिको में प्रदर्शन किया।
मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, मऊ, जौनपुर और आजमगढ़ में हालात सामान्य रहे। बलिया के बैरिया, सिताबदियारा, भीमपुरा, बेरुआरबारी, गड़वार में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और जुलूस निकाल कर दुकानें बंद कराईं।
कसेसर में सड़क जाम कर दी। गड़वार थाना क्षेत्र के चोगड़ा चट्टी पर दुकान बंद करने का विरोध करने पर दो दुकानदारों से मारपीट हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत सात पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मुगलसराय में युवाओं ने जुलूस निकाला।
स्कूल भी रहे बंद
मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर चक्रमण करते आरपीएफ के जवान
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में अधिवक्ताओं के एक गुट ने डीएम पोर्टिको में धरना दिया। एहतियात सड़कों पर फोर्स उतार दी गई थी। चंदौली में जुलूस निकाला। गाजीपुर में कुछ स्कूलों को बंद रखा गया। जमानिया तहसील के बाजारों पर बंद का मामूली असर रहा।
सोनभद्र में जुलूस निकाले गए। बिहार में पटना-मुगलसराय रेलवे रूट के आरा स्टेशन पर बवाल की वजह से लखनऊ-कोलकाता और मगध एक्सप्रेस तीन घंटे मुगलसराय में खड़ी रहीं। गाजीपुर में भी ट्रेनें सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर दो बजे तक विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
पटना एक्सप्रेस दिलदारनगर में, अनन्या एक्सप्रेस दरौली में, जनशताब्दी एक्सप्रेस जमानिया में, विक्रमशिला एक्सप्रेस गहमर में, उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस सकलडीहा में, श्रमजीवी एक्सप्रेस कुछमन में खड़ी रही।