पिंडरा। फूलपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर और बेलवा गांव की प्रधान के पति सुजीत सिंह बेलवा की साढ़े पांच करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति मंगलवार को कुर्क की गई। इस दौरान डुगडुगी बजाकर ग्रामीणों को गैंगेस्टर एक्ट के तहत इस कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।
बेलवा गांव निवासी सुजीत रंगदारी मांगने के एक मामले में जिला जेल में बंद है। उसके ऊपर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के आदेश पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर आठ प्लाट की लगभग 10 बीघा जमीन को कुर्क किया। इनमें से पांच प्लाट सुजीत ने अपनी पत्नी नीलम सिंह के नाम से खरीदा था। शेष तीन प्लाट सुजीत ने अपने नाम से लिया था। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, आठों प्लाट सुजीत ने अपराध से अर्जित पैसे से खरीदा था। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार पिंडरा रामनाथ, सीओ पिंडरा अभिषेक कुमार पांडेय, थाना प्रभारी फूलपुर सनवर अली, थाना प्रभारी सिंधौरा रमेश यादव और थाना प्रभारी चोलापुर महेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।