आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। कैंट रेलवे स्टेशन पर टीम द्वारा एक बांग्लादेशी युवक पकड़ा गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़े गए युवक से पूछताछ की।
कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक बांग्लादेशी युवक को पकड़ा है। युवक सियालदाह एक्सप्रेस से आया था और नई दिल्ली जाने की तैयारी में था। एटीएस, एलआईयू और रेलवे इंटेलिजेंस की पूछताछ में आरोपी के पास से कोई पासपोर्ट और रेल टिकट नहीं मिला। उसकी पहचान बांग्लादेश के लाल मोनीहाट जिला बेनापोल निवासी मोहम्मद लाशिद (19) के रूप में हुई।
विज्ञापन
युवक ने सुरक्षा एजेंसियों को बताया कि उसके पिता रिक्शा चलाते हैं। भारत में रोजी- रोटी के लिए उसने मिलन नामक व्यक्ति को 20 हजार टाका (बांग्लादेश करेंसी) दिया था। एजेंट ने युवक को दिल्ली जाकर काम करने का सुझाव दिया था। वह 12 अक्तूबर को बेनोपोल (बांग्लादेश) स्टेशन से मालगाड़ी में चढ़ गया।
हरदासपुर बॉर्डर से भारतीय सीमा में प्रवेश किया। फिर लोकल सियालदाह स्टेशन से ट्रेन संख्या- 22317 सियालदाह-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस में बैठकर यात्रा की। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि एलआईयू, इंटेलीजेंस, आईबी को भी सूचना दी गई है।