बलूचिस्तान के वॉयस फॉर बलोच मिसिंग परसंस के वाइस चेयरमैन मामा कदीर बलोच अपने पोते के संग बुधवार को पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मामा कदीर बलोच ने कहा कि पाकिस्तान बलूचिस्तान के नागरिकों पर बेइंतहा जुल्म ढा रहा है।
अपने हक की मांग करने वालों के शरीर को ड्रिलिंग मशीन से छेद दिया जाता है। इस कारण अब तक 45 हजार लोग लापता हो चुके हैं। 17 साल में 10 हजार लाशें मिल चुकी हैं। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी बलोच के लोगों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रही है।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मामा कदीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बलूचिस्तान की जनता के साथ हो रहे अत्याचार और अन्याय के खिलाफ सहयोग और समर्थन की गुहार लगाई। उन्होंने कहा, बलूचिस्तान पर पाकिस्तान के अन्याय के खिलाफ दुनिया के कई देशों ने आवाज उठाई है। इसमें वह भारत की मजबूत भागीदारी चाहते हैं।
बताया, उनके बेटे जलील रेकी बलोच को 13 फरवरी, 2009 में पाक की खुफिया एजेंसी ने घर से अगवा कर लिया था। 2011 में उसकी हत्या कर लाश को मंद मकरांत प्रांत में हेलीकाप्टर से फेंक दिया गया था।