एडीजी वाराणसी ब्रजभूषण भी गांव पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
बलिया के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर में गुरुवार को एसडीएम, सीओ के सामने गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह के भाई देवेंद्र प्रताप सिंह और नरेंद्र प्रताप सिंह को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
ये दोनों भी नामजद आरोपी हैं। अज्ञात के रूप में दर्ज पांच आरोपी हिरासत में हैं। इनके नाम का खुलासा नहीं किया गया है। छह अन्य नामजद व अज्ञात 20 आरोपी फरार हैं। देवेंद्र को रेवती रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।
डीआईजी आजमगढ़ सुभाषचंद दुबे ने बताया कि सभी आरोपियों पर 75-75 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। एनएसए, गुंडा एक्ट और गैंगेस्टर के तहत भी कार्रवाई होगी। आरोपियों की संपत्ति भी जब्त की जाएगी। किसी तरह का कोई दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीआईजी ने कहा कि वे बलिया में ही कैंप करेंगे। 24 घंटे में परिणाम सामने आएगा।
खुली बैठक में हत्या के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते शुक्रवार को गांव छावनी में तब्दील नजर आया। बृहस्पतिवार देर रात कमिश्नर विजय विश्वास पंत और डीआईजी दुर्जनपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बात की।