थानेदार की कुर्सी पर बैठे बैरिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को बार-बार आगाह कर रहे है कि वे शासन-प्रशासन के कार्यों में हस्तक्षेप न करें वहीं उन्हीं की पार्टी के एक विधायक की हरकत ने उनकी सीख को दरकिनार करते हुए पार्टी को असहज स्थिति में डाल दिया है।
बलिया जिले के बैरिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह हरिजन एक्ट के एक मामले में गुरुवार को थाने पहुंचे थे। वहां वे एसएचओ की कुर्सी पर बैठ गए और मामले को लेकर निर्देशित करने लगे।
इस दौरान मौके पर थानेदार भी मौजूद रहे, लेकिन वह अपनी कुर्सी की जगह बगल की कुर्सी पर बैठकर उनकी बातें सुनते रहे। इस दौरान थाने में अन्य पुलिसकर्मियों के अलावा और काफी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
थानेदार की कुर्सी पर बैठकर निर्देश देने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसे लेकर सोशल मीडिया में उनकी खूब चुटकी ली जा रही है।
उधर, इस संबंध में एसपी अनिल कुमार का कहना है कि थानेदार की अपनी गरिमा होती है, जिसके तहत वह कार्य करता है। फिलहाल इस तरह के किसी मामले की जानकारी नहीं है।