वाराणसी के सीरगोवर्धनपुर स्थित लौटूवीर बाबा मंदिर के पास झाड़ियों में गिट्टी-बालू कारोबारी अंकित सिंह (30) का शव पुलिस ने देर रात बरामद किया। शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं पाए गए। हालांकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। वहीं पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में युवक की मौत हुई है।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीसीपी काशी और फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। आसपास के लोगों के अनुसार रात में गोली चलने की सूचना डायल-112 को दी गई थी। लंका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया।
लंका के नरोत्तमपुर गांव निवासी संतोष सिंह का पुत्र अंकित सिंह (30 वर्ष) बिल्डिंग मैटेरियल और बालू का काम करता था। देर रात अंकित के घर नहीं पहुंचने पर परिजन घबराए और पुलिस को सूचना दी। वहीं रात में लौटू वीर बाबा मंदिर के पास झाड़ियों में शव की सूचना पाकर मौके पर पहुंची लंका पुलिस और फोरेंसिक टीम ने छानबीन की।