कुर्बानी के पर्व बकरीद की नमाज रविवार को शहर भर की मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की जाएगी। कोरोना संक्रमण के दो साल बाद मस्जिद और ईदगाह गुलजार होंगे। नमाज का सिलसिला सुबह छह बजे से शुरू होगा और अंतिम नमाज लंगड़ा हाफिज मस्जिद में 10:30 बजे अदा होगी। नगर निगम ने भी कुर्बानी के बाद साफ-सफाई के लिए तैयारियां कर रखी हैं। देर शाम तक मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और चूने का छिड़काव कराया गया।
मुस्लिम धर्मगुरु और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने शांतिपूर्ण और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है। कुर्बानी के दौरान भी अतिरक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है। शनिवार को घरों और मस्जिदों में बकरीद की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मुफ्ती ए शहर अब्दुल बातिन नोमानी ने भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि कुर्बानी के बाद साफ-सफाई का खास ख्याल रखें। कुर्बानी की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर न करें। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने कुर्बानी के पर्व को शांतिपूर्व परंपरागत तरीके से मनाने की अपील की है। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी सैय्यद फरमान हैदर ने कहा कि घर के अंदर ही कुर्बानी करें और सड़क पर नमाज न पढ़ें।
देर रात तक बाजार रहे गुलजार
बकरीद की खरीदारी के लिए देर रात तक बाजार गुलजार रहे। सेवईयों के साथ, तिरंगा फेनी, डबल फेनी व लाल फेनी की बिक्री सबसे अधिक रही। इसके साथ ही खजूर, ड्राइफ्रूट, चॉकलेट की भी बिक्री हुई।
मस्जिदों में हुई दुआ ए अर्फा
बकरीद की पूर्व संध्या पर शहर भर की मस्जिदों में दुआ ए अर्फा का आयोजन किया गया। विश्वशांति, सौहार्द और बरकत की कामना के साथ मस्जिदों में अकीदतमंदों ने दुआख्वानी की। असर की नमाज के बाद दुआख्वानी का सिलसिला आरंभ हुआ। शहर की प्रमुख मस्जिदों में लंगड़ा हाफिज, नदेसर जामा मस्जिद, लोहता, मदनपुर, रेवड़ी तालाब, बेनियाबाग, रेवड़ी तालाब सहित सभी मस्जिदों में दुआख्वानी की गई।
मुस्लिम इलाकों में रखे गए कांपैक्टर और डस्टबिन
प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामसकल यादव ने बताया कि जिन इलाकों में जानवरों की कुर्बानी दी जाती है। वहां कांपैक्टर और छोटे डस्टबिन रखे गए हैं। इसमें अपशिष्ट पदार्थों को करसड़ा ले जाया जाएगा। करसड़ा में अपशिष्ट पदार्थों के निस्तारण के लिए गड्ढा खोदवाया गया है।
ईदगाहों और मस्जिदों में बकरीद की नमाज
ईदगाह काशी विद्यापीठ-8:00
ईदगाह लाट सरैयां-9:00
ईदगाह लोहता-9:00
ईदगाह अहले सुन्नत लल्लापुरा-6:30
ईदगाह अहले सुन्नत शक्कर तालाब-6:30
मस्जिद ज्ञानवापी चौक-7:30
मस्जिद लंगड़े हाफिज-नई सड़क - 10:00
खजूर वाली मस्जिद-नई सड़क-7:30
जामा मस्जिद नदेसर - 7:15
बख्शीजी की मस्जिद तेलियाबाग - 7:30
मस्जिद वरुणापुल-7:00
मस्जिद दायम खां पुलिस लाइन चौराहा - 6:45
मस्जिद बिचली, कचहरी-7:00
मस्जिद गफूरी, कचहरी-7:45
मस्जिद उल्फत बीबी-अर्दली बाजार-7:00
मस्जिद नवाब टोंक-गिलट बाजार-8:30
मस्जिद ढाई कंगूरा-कोयला बाजार-7:00
मस्जिद बीबी रजिया-दालमंडी-8:00
शाही मस्जिद-हकाक टोला-7:30
मस्जिद कौआ शाह-हड़हा-8:00
बड़ी मस्जिद बजरडीहा-6:30
मस्जिद हनफिया गौसिया बजरडीहा-7:00
ऊंची मस्जिद मदनपुरा-6:45
----------------
शिया मस्जिदों में नमाज का समय
सदर इमामबाड़ा सरैया-10:15
दरगाह फातमान-9:30
शिया जामा मस्जिद दारानगर-9:00
मस्जिद मीर घूरा-9:00
मस्जिद पितरकुंडा-10:00
मस्जिद मीर गुलाम अब्बास-अर्दली बाजार-8:30
मस्जिद हैदरी दोषीपुरा-8:00
मस्जिद आरिफ-कच्चीबाग-9:00
मस्जिद चौहट्टा लाल खां-9:30
मस्जिद नक्खीघाट-9:00