बनारस के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। सुबह से शाम तक कुल 10037 यात्रियों का आवागमन हुआ जो एक रिकॉर्ड है। अभी तक एक दिन में इतने यात्रियों का आवागमन नहीं हुआ था। सुबह से शाम तक एयरपोर्ट कर्मी व्यस्त रहे।
इसके साथ ही सीआईएसएफ को भी भीड़ को नियंत्रित करने तथा चेकइन, चेकआउट के दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी। पिछले वित्तीय वर्ष में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ था लेकिन रैंकिंग में वाराणसी एयरपोर्ट पिछड़ कर 27वें स्थान पर चला गया था। जबकि वित्तीय वर्ष 2016-17 में 21वें स्थान पर रहा।
एयरपोर्ट अधिकारियों की माने तो रैंकिंग में पिछड़ने का मुख्य कारण एयरपोर्ट पर दो माह तक चला रनवे रिकार्पेेटिंग का कार्य रहा। इस दौरान विमानों का आवागमन काफी कम हो गया था। लेकिन इस वर्ष यात्रियों की संख्या भी बढ़ेगी और रैंकिंग में भी सुधार आने की संभावना है। एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि यह गर्व की बात है कि एक दिन में 10 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन हुआ है।