गांव वालों की सूचना पर पहुंची देवगांव पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
ईसाई मिशनरी से जुड़े लोग लोगों को आकर्षित कर उन्हें प्रार्थना सभा में बुलाकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। यह खेल जोरों पर चल रहा है। गुरुवार को इसी प्रकार का मामला आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चौकी नरसिंहपुर गांव में उजागर होने पर पुलिस पहुंची और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
चौकी नरसिंहपुर गांव में स्थित मुसहर बस्ती के सामने चंद्रावती पत्नी प्रकाश का मकान है। इसमें करीब तीन वर्ष से ईसाई समुदाय के लोगों की प्रार्थना सभा चल रही थी। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होने पर तत्काल मौके पर डायल 100 और पल्हना चौकी प्रभारी पहुंच गए।
मौके पर मौजूद लोगों से हुई पूछताछ के दौरान इन महिला और पुरुषों ने बताया कि बीते करीब तीन वर्ष से हम लोग यहां ईसा मसीह की महिमा का बखान कर रहे हैं। हम लोगों का किसी प्रकार से धर्म परिवर्तन नहीं कराया गया। हम लोग विभिन्न रोगों से तंग आकर प्रभु ईसा मसीह की शरण में आए हैं।
करीब दो दर्जन से अधिक लोग जुड़े
UP Police
ईसा मसीह की महिमा कराने वाला मोतीराम पुत्र इंद्रदेव है। वह मेंहनगर थाने के रामपुर पट्टी गांव का निवासी है। मोतीराम के प्रयास से यहां करीब दो दर्जन से अधिक लोग जुड़े हैं। इसमें नरसिंहपुर गांव निवासी चंद्रावती पत्नी प्रकाश, फूलचंद पुत्र बेचन, ज्ञानती पत्नी राजेश, कलपत्ती पत्नी रूपचंद, पल्हना गांव निवासी गीता पत्नी भीम, सुमन पत्नी सुरेश, जगदीश पुत्र स्वर्गीय बिहारी, खुरसू गांव निवासी कविता पुत्री सतीराम, जलेबा पत्नी रामकिशुन निवासी, हीरावती पत्नी सतीराम आदि का नाम शामिल है।
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य आरोपी मोतीराम को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एसपी सिटी कमलेश बहादुर ने कहा कि धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची थी, एक आरोपी मेंहनगर थाना क्षेत्र के मोतीराम को गिरफ्तार किया गया था। लोगों की मांग पर उसे निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।