हाल ही में संपन्न हुए टीईटी की परीक्षा में पेपर खराब होने से डिप्रेशन की शिकार छात्रा ने बुधवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार के लोग अंतिम संस्कार करने के लिए ले जा रहे थे, तभी किसी ने पुलिस को गोली मारकर हत्या करने की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। पीएम रिपोर्ट के जरिए मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृत छात्रा प्रियंका (22) पुत्री मनोज कुमार आजमगढ़ जिले के खोजापुर माधवपट्टी गांव की रहने वाली थी। दो भाईयों में छोटी प्रियंका पढ़ने में ठीक थी। उसके काबिलियत को देखते हुए परिवार के लोग उसे आगे बढ़ने के लिए पढ़ा रहे थे। प्रियंका ने हाल ही में संपन्न हुए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का पेपर दी थी। घर आने पर प्रश्नपत्रों का मिलान करने पर पता चला कि उसका पेपर खराब हो गया है।
इस बात को लेकर प्रियंका कई दिनों से डिप्रेशन में थी। वह परिवार के लोगों से भी कम बात कर रही थी। हालांकि परिवार के लोग उसे सांत्वना दे रहे थे। बुधवार की सुबह परिवार के लोग अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए। सुनसान माहौल पाकर प्रियंका अपने कच्चे मकान के रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रियंका की मौत के बाद परिवार के लोग उसकी लाश अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। तभी गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि प्रियंका के घर वाले गोली मारकर उसकी हत्या कर लाश अंतिम संस्कार करने ले जा रहे हैं।
तत्काल पुलिस गांव में पहुंची और रास्ते में लोगों को रोककर प्रियंका की लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। प्रभारी निरीक्षक कंधरापुर बृजेश यादव ने बताया कि शव को पीएम को भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के जरिए मौत का जो भी कारण स्पष्ट होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी