आजम खां ने सोनभद्र के जनसभा में
- फोटो : अमर उजाला
बसपा ने सौ मुसलमानों को टिकट देकर मुसलमानों की ही कमर तोड़ने का काम किया है। सपा के मुस्लिम उम्मीदवारों के खिलाफ मुस्लिम प्रत्याशी देकर मायावती ने दोनों प्रत्याशियों को हराने का प्लान रचा है। ऐसा उन्होंने किसके फायदे के लिए किया है, यह जग जाहिर है। यह बातें प्रदेश के काबीना मंत्री आजम खां ने सोनभद्र के जनसभा में कही।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले दिल्ली का रावण जलाएं, यूपी का रावण छोटा है। वे शुक्रवार को राबर्ट्सगंज क्षेत्र के कोन बाजार और घोरावल क्षेत्र के पगिया तिराहे पर चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके निशाने पर प्रधानमंत्री मोदी और बसपा मुखिया मायावती रहीं।
आजम ने कहा , यदि सपा बहुमत से एक सीट भी कम पाती है तो बसपा और भाजपा मिलकर सरकार बना लेगी। फिर दोनों नफरत फैलाने का काम करेंगी। पगिया में कहा कि भाजपा आरएसएस से मिलकर देश में चुनाव व्यवस्था को समाप्त करना चाहती है।
किसी का नाम लिये बगैर कहा, वे गांधीजी के हत्यारे की जय-जयकार चाहते हैं। कहा मोदी पहले दिल्ली का रावण जलाएं, यूपी का रावण छोटा है। मारीशस में मुस्लिमों के घर मेें भी सीता और राम की तस्वीरें रहती हैं जबकि यहां भाजपा हिंदू-मुसलमानों को बांट रही है।
मोदी ने दो करोड़ को नौकरी देने का वादा किया था, पर दे नहीं पाए। अब चुनाव में कमजोर होता देख वे श्मशान और कब्रिस्तान की बात कर रहे हैं।
कहा कि सपा सरकार ने कब्रिस्तान से ज्यादा गोमती नदी के लिए धन दिया जिसका उपयोग सभी धर्म के लोग करते हैं। इस दौरान अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष शकील अहमद बबलू, झारखंड सपा के अध्यक्ष मेराज खां मौजूद रहे।