आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध वाराणसी जिले के राजकीय और निजी अस्पतालों को जीपीएस प्रणाली से जोड़े जाने की कवायद चल रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस दिशा में काम शुरू हो गया है। इसके बाद मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी।
जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से ही प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत लोगों को गोल्डन कार्ड दिया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रति साल एक परिवार में पांच लाख रुपये तक नि:शुल्क इलाज कराया जा सकेगा।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि जिले में मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, दीनदयाल अस्पताल, रामनगर अस्पताल, जिला महिला अस्पताल समेत दस सरकारी और 73 निजी अस्पतालों को योजना से जोड़ा जा चुका है। इन सभी को जीपीएस प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
इसके लिए अक्षांश एवं देशान्तर के अनुसार उनकी मैपिंग कराई जा रही है। संबंधित मरीज एवं उनके परिजन को आयुष्मान भारत की वेबसाइट पर जाकर अस्पतालों को सर्च कर उसका सही लोकेशन जान सकेंगे।