वाराणसी में 2210 ऐसे लोग हैं, जिनका आयुष्मान कार्ड बनने के समय जो नाम, पता साचीज के पोर्टल पर दर्ज था, वह इस समय नहीं है। यानी दोनों में अंतर मिल रहा है। ऐसे में इन लोगों का कार्ड लॉक कर उसे संदेह की श्रेणी में डाल दिया गया है। यानी किसी तरह की चिकित्सकीय जरूरत पड़ने पर ये लोग कार्ड से निशुल्क इलाज, जांच का लाभ नहीं ले पाएंगे। साचीज के स्तर से जैसे ही यह अंतर पकड़ में आया तो प्रदेश स्तर से जिले में ऐसे लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग को भेजकर नये सिरे से सत्यापन का निर्णय लिया गया है।
आयुष्मान कार्ड लॉक हो गया है या संदेह की श्रेणी में है, इसका पता लगाने के लिए आयुष्मान एप की मदद से आयुष्मान कार्ड नंबर, आधार नंबर डालकर पता चल जाएगा। ब्लॉक कार्ड की सूची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी के पास है। लोग प्रभारी को एक पत्र देकर सुधार करवा सकते हैं। इन्हें आधार कार्ड, परिवार के सभी सदस्यों की छायाप्रति देनी होगी।
28 उड़ानें देरी से पहुंचीं
लंबे समय बाद शनिवार को मौसम कुछ सामान्य रहा। सुबह से ही धूप रही। कोहरा नहीं रहा, फिर भी विमानों का संचालन प्रभावित रहा। शनिवार को 28 उड़ानें देरी से आईं और गईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। बाबतपुर एयरपोर्ट पर शनिवार को सबसे अधिक देरी से अहमदाबाद-वाराणसी-अहमदाबाद की उड़ान 2 घंटे 21 मिनट की देरी से पहुंची। अकासा एयर की उड़ान 1 घंटे 25 मिनट, एयर इंडिया की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 2 घंटे 2 मिनट, इंडिगो की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 23 मिनट देरी से पहुंची।